
लालू यादव के हनुमान कहे जाने वाले आरजेडी विधायक भोला यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भोला यादव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुई है । चारा घोटाला में लालू यादव को सजा सुनाने वाले सीबीआई कोर्ट के जज शिवपाल सिंह ने भोला यादव के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। आरजेडी विधायक भोला यादव पर कोर्ट के खिलाफ अनर्गल बयान देने का आरोप है । दरअसल, चारा घोटाला मामले में जब लालू यादव को जज शिवपाल सिंह ने सजा सुनाई थी तो भोला यादव ने इसे ‘पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर’ सुनाया गया फैसला बताया था। भोपाल यादव के इस बयान पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए नोटिस दिया था। कोर्ट ने भोला यादव को स्पष्टीकरण देने का आदेश देने के साथ ही सीबीआई को जारी नोटिस को तामिल कराने के निर्देश दिए हैं। सीबीआई ने नोटिस को तामिल कराए जाने संबंधित सूचना कोर्ट को दे दी है।
लालू के करीबी माने जाते हैं भोला यादव
बहादुरपुर विधानसभा सीट से विधायक भोला यादव आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। कई लोग उन्हें लालू यादव के हनुमान भी कहते हैं । आपको बता दें कि जब लालू यादव को इलाज के लिए रांची जेल से दिल्ली लाया जा रहा था तो उनके साथ भोला यादव के अलावा कोई और नहीं था । यहां तक लालू यादव के परिवार के कोई भी सदस्य इस दौरान मौजूद नहीं थे ।