
नालंदा जिला के सरमेरा के पास राजगीर जा रही एक बस अचानक पलट गई। हादसे में बस में सवार 35 लोग घायल हो गए। जिसमें कुछ की हालत गंभीर बतायी जा रही है। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी बस मधुबनी से राजगीर जा रही थी। बस पर सवार लोग मलमास मेला घूमने जा रहे थे। उस दौरान बस अचानक पलट गई। हादसे के बाद से लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद बस ड्राइवर और कंडक्टर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बस में सवार सभी 50 लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं। ये सभी लोग मधुबनी जिले के हरलाखी थाना के हरने गांव के रहने वाले हैं। हादसा सरमेरा बॉर्डर के पास सदहा गांव के पास हुई है। घायलों में अनरवा देवी, जमुना देवी, सुरेश साह,धानो देवी और रीतेश कुमार शामिल हैं। हादसे की सूचना उनके गांव वालों को दे दी गई है। जिसके बाद लोग अपने परिजनों से मिलने अस्पताल पहुंच रहे हैं।