
पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद नालंदा जिला में शराब की तस्करी जोरों पर है। आए दिन कहीं न कहीं से शराब की बड़ी खेप जब्त होती है। ताजा वाक्या कतरीसराय थाना के नकटीसराय मोड़ के पास की है। जहां पुलिस ने शराब से लदी एक पिकअप वैन जब्त की। साथ में दो बाइक भी बरामद हुई। पिकअप वैन पर करीब आठ लाख रुपये कीमत की शराब लदी थी। पुलिस ने हरियाणा निर्मित 65 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की है। हालांकि धंधेबाज भागने में सफल रहे। पुलिस जब्त गाड़ियों के आधार पर शराब के धंधेबाजों तक पहुंचने की कोशिश में लगी है। लोगों की माने तो शराब के धंधेबाज इस बड़ी खेप को कहीं ठिकाने लगाने की कोशिश में लगे थे, लेकिन पुलिस के आ जाने से उन्हें शराब छोड़कर भागना पड़ा। कतरीसराय के थानाध्यक्ष आलोक कुमार के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वैन का पीछा किया था। जिसके बाद धंधेबाजों ने गाड़ी और बाइक छोड़कर भाग खड़े हुए। अब गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।