
नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक की लाश रेलवे लाइन के किनारे बिजली के पोल से लटकती मिली। युवक रविवार की रात खाना खाकर सोने के लिए छत पर गया था। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद में उसकी हत्या की गई है।
क्या है पूरा मामला
मामला वीराबिगहा गांव की है। मृतक का नाम ललन कुमार है। वो मूल रूप से थरथरी थाना क्षेत्र के पेंदापुर गांव का रहने वाला था। वो मां, पत्नी और बेटे के साथ अपने ननिहाल वीराबिगहा में रहता था। ललन की पत्नी मंजू कुमारी ने कहा, रात में खाना खाने के बाद वह गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के छत पर सोने गए थे। सुबह घर नहीं लौटे तो हमलोग इनकी तलाश करने लगे। इस बीच खबर मिली कि रेल लाइन किनारे शव है। यहां आए तो देखा कि मेरे पति की लाश पड़ी है।
जमीन विवाद में हत्या
मृतक के भाई गजेंद्र कुमार का कहना है कि उनके भाई ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि उसकी हत्या की गई है और शव को पोल से लटका दिया गया है। जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी विवाद में उसकी हत्या की गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, इस्लामपुरके थानाध्यक्ष शरद कुमार रंजन का कहना है कि पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया है।