
राजधानी पटना (Patna) में बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात (Crime) को अंजाम दिया है. मामला पटना से सटे खगौल (Khagaul)की है. जहां हथियारबंद अपराधियों ने शिवम ज्वेलरी शॉप से लगभग 90 लाख के गहने लूट (Loot) लिए.
दुकानदार को स्प्रे से बेहोश किया
वारदात के दौरान अपराधियों ने शिवम ज्वेलर्स (Shivam Jewellers) के मालिक सुजित कुमार को पिस्टल की बट से मार कर घायल कर दिया. फिर बाद में जहरीला स्प्रे मारकर उन्हें बेहोश कर दिया. उसके बाद सारी चाभियां लेकर तिजोरी में रखे लगभग 90 लाख के जेवरात लूटकर आराम से फरार हो गए.
CCTV फुटेज भी साथ ले गए
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दुकान में लगे सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी अपने साथ ले गए. बताया जा रहा है कि चार की संख्या में आए अपराधी शादी के लिए जेवर खरीदने के नाम पर दुकान में घुसे थे. जयराम बाजार के अंदर शिवम ज्वेलर्स नामक दुकान है.
गहने खरीदने का दिया था झांसा
शिवम ज्वेलर्स के मालिक सुजीत कुमार ने बताया कि अपराधियों के एक आदमी ने फोन कर दुकान पर मुझे बुलाया और बोला कि पायल साफ करना है और शादी के गहने भी लेने हैं. इसके बाद दोपहर करीब दो से तीन बजे दो बदमाश दुकान में घुसे और इस वारदात को अंजाम दिया.
वारदात के कई घंटे बाद पहुंची पुलिस
लूटपाट की बड़ी वारदात होने के लगभग तीन घंटे बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली. इसके बाद खगौल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. घायल दुकान मालिक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि वारदात को चार अपराधियों ने अंजाम दिया है.