
बिहारशरीफ में पिस्तौल की नोंक पर बदमाशों ने 10 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया है । बताया जा रहा है कि बदमाशों ने डेढ़ घंटे तक तांडव मचाते रहे लेकिन पुलिस को कानों कान खबर नहीं मिली
करीब दर्जनभर नकाबपोश ने दिया अंजाम
बिहार थाना के नईसराय मोड़ के समीप गुरुवार रात को करीब 10:30 बजे बदमाश व्यवसायी सौरव किशोर के घर में दाखिल हुए, जहां डेढ़ घंटे तक तांडव मचाया। नकाबपोश लुटेरों की संख्या दस से अधिक बताई जा रही है।
स्टेशन की तरफ भागते दिखे डकैत
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाना शुरू किया तो पड़ोसियों को लूट की भनक लगी। सूचना पाकर पुलिस दलबल के साथ मौके पर आकर जांच में जुट गई। इलाके के सीसीटीवी फुटेज जांच से खुलासा हुआ कि बदमाश नईसराय मोड़ से खंदक मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर भागे। एक लाख नकद और सोने-चांदी के जेवरात बदमाश लूटकर ले गए। जिसकी अनुमानित कीमत पीड़ित परिवार दस लाख से अधिक बता रहे हैं।
घरवालों को बनाया था बंधक
सौरव किशोर की हॉलसेल किराना दुकान नईसराय मोड़ के समीप गौड़गढ़ रोड में है। समीप में मुख्य सड़क किनारे उनका तीन मंजिला मकान भी है। रात करीब 10.30 में दुकान बंद कर व्यवसायी अपने घर पहुंचे। घर का दरवाजा खुलने पर व्यवसायी अंदर दाखिल हुए, ठीक उसी समय वहां मंडरा रहे तीन बदमाश सौरव को धक्का देते हुए अंदर दाखिल हो गए और हथियार का भय दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद धड़ाधड़ 8-9 नकाबपोश और घुस आए और अंदर से दरवाजे को लॉक कर दिया। साथ ही परिवार सदस्यों के हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा डाल दिया था। घटना के विरोध पर बट से परिवार को पीटकर जख्मी भी किया गया।
शोर मचाओगे तो मार देंगे
लूटपाट के बाद बदमाशों ने परिवार को धमकी दी कि शोर मचाने पर सभी को मार दिया जाएगा। दस मिनट तक किसी को शोर नहीं मचाना है। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। बंधक बने परिवार ने गेट बंद होने और वाहन की आवाज सुनी। जिससे वो समझ गए लुटेरे चले गए। व्यवसायी की पत्नी का हाथ-पैर नहीं बांधा गया था। महिला ने परिवार को बंधन से मुक्त कराया। इसके बाद परिवार घर से बाहर सड़क पर आकर शोर मचाने लगा। तब घटना की भनक पड़ोसियों को लगी। पड़ोसी ने फोन कर लूट की जानकारी थाने में दी। तब पुलिस दलबल के साथ आ गई।
स्टोरवेल तोड़कर ले गए जेवरात
परिवार को बंधक बनाने के बाद बदमाश प्रथम तल्ले पर चले गए और घर में लूटपाट करने लगे। स्टोरवेल, बक्सा तोड़ कर बदमाशों ने नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। लुटेरे पुलिस से इत्मीनान हो सभी कमरों में नकदी और जेवरात की तलाश कर रहे थे। करीब डेढ़ घंटे तक घर में लूटपाट हुई।