
नालंदा जिला में एक बार फिर बेकाबू ट्रक का कहर देखने को मिला। गिरियक थाना के सिकंदरा गांव के पास बेकाबू ट्रक ने यात्रियों से भरे एक ऑटो को रौंद डाला। जिसमें एक की मौत हो गयी जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। लेकिन ड्राइवर भागने में सफल रहा। मृतक की पहचान पुरैनी गांव निवासी गारहो मांझी के रूप में की गयी है। एक घायल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। जबकि दो का इलाज गिरियक अस्पताल में किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि टेम्पो पुरैनी गांव से यात्रियों को लेकर गिरियक बाजार जा रहा था। सिकंदरा गांव के पास पहुंचते ही बिहारशरीफ से नवादा की ओर जा रहे ट्रक ने टेम्पो में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में गारहो की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। वहीं टेम्पो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। जबकि जलालपुर गांव की रहने वाली सुनीता देवी को रेफर कर दिया गया है। वहीं मानपुर गांव की रहने वाली इंदु देवी और झारखंड जिला के लोहरदग्गा के रहनवाले चरजो करकेट्टा का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी ड्राइवर की पहचान की जा रही है।