
नालंदा जिले के एकंगरसराय बाजार में एक गैंस एजेंसी का शटर और ग्रील गेट काटकर एक लाख से अधिक की संपत्ति चुरा ली। गैस एजेंसी के संचालक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर करने के लिए लिखित आवेदन दिया है। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले का जायजा लिया। गैस एजेंसी के संचालक सुंडी बिगहा गांव निवासी कुमार रविशंकर ने बताया कि रविवार की सुबह लोगों ने उन्हें घटना की खबर दी। यहां पहुंचकर देखा तो शटर बीच से काट दिया गया था। इसके अंदर लगे ग्रिल गेट को भी चोरों ने तोड़ दिया। अंदर में सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। एजेंसी से चोरों ने 10 हजार रुपये नकद, 30 चूल्हा, 200 पाइप, 200 लाइटर, 10 पीस डी लाईट, एक इन्वर्टर सहित अन्य सामान उड़ा लिये थे। चोरी गये सामान की अनुमानित कीमत सवा लाख के करीब बतायी जा रही है। उन्होंने बताया कि दो साल पहले भी एजेंसी का शटर तोड़कर चोरों ने दो लाख की संपत्ति चुरा ली थी। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की थी। लोगों से पूछताछ भी की गयी है। मामले की छानबीन की जा रही है।