
बिहार (Bihar) में अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं. बदमाशों ने एक व्यवसायी के घर पर डाका डाला. डकैत अपने साथ गहने जेवर और पैसे तो ले ही गए. साथ में व्यवसायी की बेटी को भी अगवा कर लिया. इस घटना से आक्रोशित लोग सड़क पर उतरे और जाम लगा कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की.
क्या है पूरा मामला
मामला मुजफ्फरपुर के सदर थाना के दीघरा रामपुर की है. जहां व्यवसायी शंभू पांडेय के घर में नकाबपोश डकैतों ने धावा बोला। बताया जा रहा है कि रात करीब 12.30 बजे सात की संख्या में आए डकैत पीछे से चाहरदीवारी फांदकर भीतर घुसे। व्यवसायी की पत्नी नूतन पांडेय और बड़ी बेटी को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर बंधक बना लिया। बक्सा, ट्रंक और गोदरेज तोड़कर करीब चार लाख के जेवर, 47 हजार और अन्य कीमती सामान समेत पांच लाख की संपत्ति लूट ली।
बेटी को भी उठा ले गए डकैत
व्यवसायी की 17 साल की छोटी बेटी को डकैत अगवा कर वहां से भाग निकले। उसकी बहन का मोबाइल भी डकैत ले गए। व्यवसायी शंभू पांडे के मुताबिक वे दीघरा पेट्रोल पंप के समीप तीन साल से किराना दुकान चलाते हैं। रात को दुकान से आने के बाद खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए थे। उनकी पत्नी और बड़ी बेटी साथ में एक कमरे में सो रही थी। वे और उनका बेटा बाहर कोठली में थे और छोटी बेटी अकेले एक कमरे में सोयी थी। रात में पीछे से चाहरदीवारी फांदकर एक डकैती भीतर घुसा। उसने पीछे वाला दरवाजा खोल दिया। इसी रास्ते सभी डकैत आए। आहट सुनने पर उनकी पत्नी और बड़ी बेटी बाहर निकली। तभी दोनों को कब्जे में लेकर बंधक बना लिया। लूटपाट करने के दौरान छोटी बेटी की नींद खुली तो वह भी बाहर निकली। उसे भी कब्जे में लिया और भाग निकले।
लोगों ने हाइवे जाम किया
घटना से आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 को जामकर दिया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की. जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। मगर, गुस्साए भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का मुक्की करते हुए खदेड़ दिया। पीछे से कुछ लोगों ने रोड़ेबाजी भी की। पुलिस टीम को जान बचाने के लिए वहां से जाना पड़ा।
कई थानों की पुलिस पहुंची
स्थिति अनियंत्रित होने की सूचना सदर थानेदार संजीव सिंह निराला, काजीमोहम्मदपुर, मिठनपुरा, मनियारी, बेला थानेदारऔर क्यूआरटी मौके पर पहुंची। बोचहां विधायक बेबी कुमारी, सरपंच चंदन कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच मामला शांत कराने में जुट गए। लेकिन, जाम कर रहे लोगों ने उनकी एक नहीं सुनी। एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार और नगर डीएसपी रामनरेश पासवान भी पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। पर कोई सुनने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है. पुलिस मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है. मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाला जा रहा है। सभी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. जिला प्रशासन ने 48 घंटे के अंदर अपराधियों को गिरफ्तार करने का काम पुलिस को दिया है