
होली के दिन पटना में बदमाशों ने खून की होली खेली. बदमाशों ने राजधानी पटना में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के छात्र नेता की गोली मारकर हत्या कर दी है. छात्र नेता का नाम कन्हैया कौशिक है. कन्हैया कौशिक को पटना के पटेल नगर में गोली मारी गई. कन्हैया छात्र जेडीयू के पूर्व प्रदेश महासचिव रह चुके हैं. कन्हैया एएन कॉलेज छात्रसंघ का उपाध्यक्ष भी रह चुके थे.
पोस्टर विवाद में हत्या
बताया जा रहा है कि होली मिलन समारोह के एक कार्यक्रम के पोस्टर में आरोपित कुश का नाम बैनर में नहीं था. इस बात को लेकर वो कन्हैया को दोषी मानता था. कन्हैया और कुश में इसी बात को लेकर मंगलवार को झगड़ा हुआ था. इसके बाद एसके पुरी थाने मे कन्हैया ने कुश के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. कुश इस बात से बौखलाया हुआ था और इसी बौखलाहट में उसने कन्हैया की हत्या कर दी. अपराधियों ने कन्हैया को पांच गोलियां मारी गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
समझौता के नाम पर बुलाकर मार दी गोली
बताया जा रहा है कि कुश ने समझौता करने के नाम पर कन्हैया को पटेल नगर में बुलाया. पटेल नगर पहुंचने पर कन्हैया और उसके दोस्त चंदन को गोली मार दी गयी. आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां कन्हैया ने दम तोड़ दिया. वहीं, जख्मी चंदन की हालत अब खतरे से बाहर बतायी जा रही है.
हत्यारे के गिरफ्तारी की मांग तेज
वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. साथ ही इस मामले में जेडीयू नेताओं ने भी आक्रोश जताया. इस पूरे घटना पर छात्र जेडीयू नेता सुनील गुप्ता ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.एसएसपी ने मामले में सिटी एसपी के नेतृत्व मे एसआइटी गठित कर दी है