
स्मार्ट सिटी बनने से पहले ही बिहारशरीफ ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। स्मार्ट बिहारशरीफ सोमवार को बिहार का पहला ओडीएफ शहर घोषित होगा। ओडीएफ घोषित होने में किसी तरह की समस्या न हो इसके लिए निगम तैयारियों में जुटा है। सोमवार को जांच के लिए दिल्ली से क्यूसीआई टीम बिहारशरीफ पहुंचेगी। इस टीम की रिपोर्ट पर ही भारत सरकार ओडीएफ का प्रमाण पत्र देगी। ऐसे में जांच की प्रक्रिया के दौरान कोई कमी न रहे इसके लिए अलग-अलग स्तरों पर मॉनिटरिंग की जा रही है। एक बार फिर से साफ सफाई का निरीक्षण किया जा रहा है। बिहारशरीफ नगर निगम के सभी 46 वार्डों को ओडीएफ कर लिया गया है।
कहां-कहां रहेगी खास नजर
बिहारशरीफ में सरकारी स्कूल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक शौचालय आदि जगहों का दोबारा निरीक्षण किया जा रहा है क्योंकि क्यूसीआई की टीम खासकर उन्हीं जगहों का निरीक्षण करती है जहां भीड़-भाड़ होती है। इसके अलावा निगम द्वारा बनाए गए शौचालय, सामुदायिक शौचालय और सार्वजनिक शौचालय की जांच करेगी।
चकाचक करने में जुटे अधिकारी
बिहारशरीफ नगर निगम के अधिकारी से लेकर सफाईकर्मी तक सभी जी जान से शहर की साफ सफाई में जुटे हैं। नगर प्रबंधक राजीव कुमार के मुताबिक ओडीएफ के लिए जो भी मानक है उसे पूरा कर लिया गया है। शहर में बने सार्वजनिक शौचालय में जो भी कमी है उसे पूरा करने का निर्देश वार्ड जमादार को दे दिया गया है। इसके अलावा शहर में जगह-जगह पर चूना का छिड़काव करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी शौचालय में पानी, हाथ धाने के लिए साबुन आदि की कमी न रहे इसका भी ख्याल रखा जा रहा है।
कहां-कहां है सामुदायिक शौचालय
बिहारशरीफ के वार्ड न. 16 के पासवान टोला, वार्ड न.19 में पहड़तल्ली के पास, वार्ड न.21 में पासवान टोला, वार्ड न. 22 में गायत्री मंदिर के पास, वार्ड न. 24 में राज ट्रांसपोर्ट के चहारदीवारी के पश्चिम, वार्ड न. 29 में सामुदायिक भवन के पास, वार्ड न. 32 में गुलगुलिया टोला, वार्ड न.39 में गगन दीवान डोम टोली, वार्ड न. 43 में गुलशन बाग कटरापर एवं टीओपी के पास
कहां-कहां है डिलक्स शौचालय
बिहारशरीफ वार्ड न. 16 में सिविल एसडीओ परिसर और रजिस्ट्री ऑफिस, वार्ड न. 20 में सदर अस्पताल के पास, वार्ड न. 22 में रामचन्द्रपुर बस स्टैंड, वार्ड न.25 में सरकारी बस स्टैंड, वार्ड न. 42 में पुरानी सब्जी बाजार, वार्ड न. 44 में कारगिल बस स्टैंड और वार्ड न. 45 में डिलक्स शौचालय बनाया गया है।
लोटा पकड़ो अभियान में मिली सफलता
बिहारशरीफ नगर निगम द्वारा लोटा पकड़ो अभियान चलाया गया। जिसके तहत करीब 500 लोगों को खुले में शौच जाने से बचने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान खुले में शौच जा रहे लोगों को माला पहनाकर शर्मिंदा करते हुए खुले में शौच नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। हालांकि इसमें सबसे ज्यादा समस्या वार्ड संख्या 20 बड़ी पहाड़ी में आई।
बिहारशरीफ में 5775 शौचालय का निर्माण हुआ
बिहारशरीफ को ओडीएफ कराने के लिए अब तक 5775 शौचालय निर्माण करवाया गया है। जबकि 10 सामुदायिक और 10 सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। जिन लोगों के पास जमीन नहीं है उन्हें निगम द्वारा शौचालय बनाकर 100 परिवारों को आवंटित किया गया है। शौचालय की साफ-सफाई का जिम्मा उन्हीं का है जिनके नाम से शौचालय का आवंटन है।
इसे भी पढ़िए-बदल जाएगा स्मार्ट बिहारशरीफ का नक्शा