
नालंदा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पूर्व एमएलसी राजू यादव की हत्या की साजिश रची गई थी। अपराधियों ने आरसीपी सिंह के रोड शो के दौरान ही राजू यादव के मर्डर का प्लान बनाया था। लेकिन समय रहते ही पुलिस ने इसे नाकाम कर दिया।
रसिशयन मेड पिस्टल के साथ 5 गिरफ्तार
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि पूर्व एमएलसी राजू यादव की हत्या का प्लान बनाया गया है। अपराधियों ने जेडीयू नेता आरसीपी सिंह के रोड शो में राजू यादव की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस का कहना है कि रोड शो के दौरान पांचों अपराधियों ने पूर्व विधान पार्षद का पीछा किया था। लेकिन ज्यादा भीड़ होने की वजह से कामयाब नहीं हो पाए।
चुनावी रंजिश और एजेंटी विवाद
नालन्दा के एसपी सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि हिलसा थाना इलाके के रसाय विगहा के रहने वाले शिवानंद सिंह और पूर्व विधान पार्षद राजू यादव के बीच चुनावी रंजिश थी और साथ ही एजेंटी को लेकर भी विवाद था। इसी विवाद के कारण उसने अपने चार शूटरों की मदद से 23 अगस्त को सांसद आरसीपी सिंह के रोड शो के दौरान राजू यादव को मारने की नीयत से उनका पीछा कर रहा था मगर भीड़ अधिक होने के कारण वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका। इसी बीच नूरसराय थाना पुलिस को इस बात की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दल-बल के साथ उनलोगों के स्कॉर्पियो का पीछा करने लगे, जैसे ही वो लोग थरथरी मोड़ के समीप पहुंचे कि सादे लिबास में पुलिस बलों ने गाड़ी को घेर लिया।

किस-किस की हुई गिरफ्तार
पुलिस ने जब इनलोगों की तलाशी ली तो इनके पास से 2 रसियन मेड विदेशी पिस्टल और 40 कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार शिवानंद सिंह एक कुख्यात अपराधी है। इसपर 1 दर्जन लोगों की हत्या का आरोप है। हाल के दिनों में भी इसने इस्लामपुर के पूर्व प्रमुख मिथिलेश यादव के ऊपर भी जानलेवा हमला किया था। मिथिलेश को 4 गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके अलावा कनक बिगहा के जितेंद्र सिंह,ताड़पर के गौरव कुमार,वृजपुर के विक्की कुमार और बाला बिगहा के अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
