
गुजरात में बिहारियों पर हो रहे हमले की आग अब बिहारशरीफ पहुंच गया है। बिहारशरीफ में लोगों ने प्रतिरोध मार्च निकाला और विरोध प्रदर्शन किया।
पीएम और सीएम का पुतला जलाया
बिहारशरीफ में भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने कमरुद्दीनगंज अस्पताल चौक तक मार्च निकाला और सरकार विरोधी नारे लगाए। हॉस्पीटल मोड़ पर विरोध में पीएम और सीएम का पुतला फूंका। भाकपा माले के जिला सचिव रामधारी दास का कहना है कि बिहारियों के बल पर ही अन्य राज्यों में उद्योग धंधे हो रहे हैं। पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों में खेतीबारी भी इनके दम पर ही हो रही है। ऐसे में किसी एक की गलती की सजा सामूहिक तौर पर नहीं दी जा सकती है। यहां का रहने वाला हर बिहारी पहले भारतवासी है। अपने देश में कहीं भी रहने व कमाने खाने की आजादी है। केंद्र व राज्य सरकार बिहारियों को पूरी सुरक्षा दे। नहीं तो आंदोलन किया जाएगा।
वहीं भाकपा माले के सदस्य पाल बिहारी लाल, रामदेव चौधरी ने कहा कि दूसरे राज्यों की समृद्धि बिहारियों के भरोसे है। अपना खून पसीना बहाकर अन्य राज्यों में खुशहाली ला रहे हैं। इन पर किसी तरह का जोर जुल्म बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार इसे बंद करे। कार्यक्रम में मकसूदन शर्मा, सुनील कुमार, अशोक कुमार, बृजकिशोर प्रसाद, अनील पटेल, मुन्ना, किशोर साव व अन्य शामिल थे।