
बिहार में एक बार फिर भीड़तंत्र की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है । सारण जिले के बनियापुर इलाके में भीड़ ने पीट-पीटकर तीन लोगों को मार डाला है । घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली है .
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि बीती रात आरोपियों ने नंदलाल टोला में दालान के बाहर बंधी भैस को खोलने का प्रयास कर ही रहे थे कि मवेशियों के शोर से घरवालों की नींद टूट गई। लोग बाहर निकले तो देखा कि तीन लोग भैस को जबरन खोल रहे हैं। इस पर परिजनों ने शोर मचाया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इस दौरान तीन को पकड़ लिया गया। जिसके बाद सभी चोरों पर टूट पड़े। जिसे जो मिला उससे चोरों को पीटा गया।
दो की मौके पर ही मौत
चौथा आरोपी नदी की तरफ भागे . लेकिन दौड़ाकर चौथे चोर को भी ग्रामीणों ने दबोच लिया। इस दौरान पिटाई से दो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो को इलाज के लिए बनियापुर रेफरल स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां तीसरे ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर बनियापुर पुलिस, जलालपुर थाना पुलिस, इसुआपुर थाना पुलिस के साथ सदर डीएसपी ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।
मृतकों में कौन कौन
मृतकों की पहचान नौशाद कुरैशी, राजू नट और विदेश नट के रूप में हुई है। इधर, मृतकों के परिजनों ने दोषियों को निर्दोष बताते हुए बवाल कर दिया। जिस गांव से मवेशी चोरी करने का आरोप था उसी गांव के एक युवक को पकड़कर मृतक के परिजन पीटने लगे। जिसपर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
हत्या के आरोपियों की तलाश में छापेमारी
मृतक के परिजनों का कहना था कि तीनों युवक चोर नहीं थे, उन्हें साजिश के तहत मारा गया है। वहीं, सारण के एसपी हरि किशोर राय ने कहा कि शुरुआती जांच के मुताबिक तीनों युवक मवेशी चोरी करने के लिए गांव में आए थे। एक मवेशी (भैंस) को पिकअप से बरामद किया गया। वहीं, दूसरा मवेशी पास में ही बंधा था। डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।