
बेगूसराय के बीजेपी सांसद भोला सिंह का निधन हो गया है. भोला बाबू ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली है. सांसद भोला सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे. उन्होंने 82 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। भोला बाबू के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि देश ने अच्छा नेता खो दिया है।
लेफ्ट से लेकर राइट तक सब के साथ रहे भोला बाबू
बीजेपी सांसद भोला सिंह का जन्म 3 जनवरी 1939 को बेगूसराय में हुआ था। भोला बाबू एक ऐसे राजनेता थे जो सभी राजनीतिक पार्टियों के सदस्य रहे यानि अपने पांच दशक से ज्यादा के राजनीतिक सफर में लेफ्ट से लेकर राइट तक सभी दल का हिस्सा रहे। भोला सिंह पहली बार 1967 में वाम दलों के समर्थन से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए।
1972 में वो सीपीआई से विधायक बने लेकिन 1977 में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम कर जीत दर्ज़ की। भोला सिंह ने जनता दल में आकर लालू प्रसाद के साथ भी राजनीति की। नब्बे के दशक में लालू के साथ रहने के बाद वर्ष 2000 में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा। भोला सिंह 8 बार बेगुसराय से विधायक चुने गए।
भोला सिंह दो बार सांसद रहे। पहली बार 2009 में वो नवादा से सांसद बने और दूसरी बार 2014 में बेगुसराय से सांसद बने. वो बिहार के शिक्षा मंत्री और विधान सभा के उपाध्यक्ष भी रहे. बिहार में एनडीए सरकार के दौरान वो शहरी विकास मंत्री भी रहे।