
अंग्रेजी में एक कहावत है Speed Thrills But Kill.. मतलब रफ्तार से मजा तो आता है लेकिन जान भी लेती है। यही कहावत गुरुवार को राजगीर में चरितार्थ हुई । जब हवा खाने के चक्कर में सूरज की जान चली गई। राजगीर के महादेवपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक हादसे का शिकार हो गई। जिसमें मौके पर ही बाइक चला रहे 22 साल के सूरज की मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठे राकेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक सूरज नाहुब गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि बाइक पर बैठे राकेश ने कहा कि भाई जरा गाड़ी तेज चलाओ, हवा नहीं लग रही है। यानि उसके बाल लहरा नहीं रहे थे। सूरज ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। जिसके बाद सूरज का बाइक पर नियंत्रण नहीं रहा और दुर्घटना घट गई। सूरज की मौत तो मौके पर ही हो गई। जबकि घायल राकेश को इलाज के लिए पहले राजगीर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नाहुब गांव में पसरा मातम
सूरज की मौत की खबर जैसे ही नाहुब गांव पहुंची। गांव में मातम पसर गया। सूरज की मां का रो-रो कर हाल बेहाल है । सूरज दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई का नाम शंकर राजवंशी है। उसकी माता मजदूरी का काम करती हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों बाइक से महादेवपुर जा रहे थे। उसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।