
नालंदा जिला में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है । बिहार शरीफ में 22 साल का एक और युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है । जिसके बाद जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है ।
बड़ी पहाड़ी का रहने वाला है
बताया जा रहा है कि जो युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है वो बिहारशरीफ के बड़ी पहाड़ी का रहने वाला है और चार दिन पहले श्रमिक स्पेशल ट्रेन से हरियाणा से बिहारशरीफ लौटा था.
क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया
कहा जा रहा है कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन से उतरने के बाद युवक को सीधे क्वारंटाइन कर दिया गया था। मेडिकल टीम ने संदिग्ध मानते हुए उसका सैम्पल जांच के लिए पटना भेजा था। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक को बिहारशरीफ के बीड़ी मजदूर अस्पताल स्थित क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है
ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली
राहत की बात यह है कि शासन ने रेलवे स्टेशन पर युवक को स्क्रीनिग के बाद सीधे क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया था। इस कारण वो घर नहीं जा सका था। हालांकि युवक की ट्रैवेल हिस्ट्री के बारे में पता लगाया जा रहा है।
अब तक 20877 लोग क्वारंटाइन
नालंदा के डीएम योगेन्द्र सिंह ने बताया कि जिलास्तर और प्रखंड स्तर पर अब तक कुल 20877 प्रवासी कामगारों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। इसमें से 2568 लोगों को क्वारंटाइन अवधि समाप्ति के बाद होम क्वारंटाइन में भेजा गया। जबकि अब भी 18309 लोग क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे हैं। क्वारंटाइन सेंटर में रहने वाले लोगों की हर दिन स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है।
पावापुरी में भी हो रही है जांच
डीएम ने बताया कि लोगों का सैम्पल की जांच अब विम्स पावापुरी में भी हो रही है। यहां पर टू-नेट मशीन के जरिए एक घंटे में रिपोर्ट आ जाती है। निगेटिव आने वाले व्यक्ति को क्वारंटाइन किया जाता है, वहीं पॉजिटिव पाए जाने पर सैम्पल पटना भेजा जाता है। वहां से पुष्टि के बाद ही उस मरीज को पॉजिटिव घोषित किया जाता है।