
हिलसा और इस्लामपुर वासियों के लिए अच्छी खबर है। अब हिलसा और इस्लामपुर रेल स्टेशन पर रविवार को भी रिजर्वेशन काउंटर खुलेंगे। अब किसी भी दिन दोनों स्टेशनों पर जाकर यात्री रिजर्वेशन करा सकेंगे। पिछले हफ्ते ही बिहारशरीफ और राजगीर रेलवे स्टेशन पर रविवार को ये सेवा शुरू की गई है। बिहारशरीफ-राजगीर के बाद अब नालंदा जिला में हिलसा और इस्लामपुर में भी रविवार को रिजर्वेशन काउंटर खुले रहेंगे। अब हिलसा और इस्लामपुर में रहनेवाले लोगों को रविवार को टिकट रद्द करवाने या कटवाने के लिए पटना नहीं जाना पड़ेगा।
एकंगरसराय का इंतजार बढ़ा
फतुहा-इस्लामपुर रेलखंड पर कम्प्यूटरीकृत आरक्षण टिकट की सुविधा तीन स्टेशनों पर बहाल हैं। इसमें हिलसा और इस्लामपुर स्टेशन के अलावा एकंगरसराय स्टेशन शामिल हैं। इन तीनों स्टेशन पर सोमवार से शनिवार को रेलवे का रिजर्वेशन होता है। तीन स्टेशनों में से हिलसा और इस्लामपुर स्टेशन पर रविवार को भी रिजर्वेशन काउंटर खोलने की अनुमति दे दी गई, लेकिन एकंगरसराय इस सुविधा से वंचित रह गया।.
फतुहा-इस्लापुर रेलखंड पर वर्तमान में पांच जोड़ी ट्रेनों की आवाजाही हो रही है। इसमें से दो जोड़ी ट्रेनें सिर्फ पटना और इस्लामपुर के बीच सवारी गाड़ी के रूप में चलती हैं। एक जोड़ी ट्रेन फतुहा और इस्लामपुर के बीच फास्ट पैसेंजर के रूप में चलती है। इसके अलावा हटिया से इस्लामपुर के बीच हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस तथा नई दिल्ली से इस्लामपुर के बीच मगध एक्सप्रेस ट्रेन चलती है।
इसे भी पढ़ें- नालंदावासियों को रेलवे का एक और तोहफा