
नालंदा जिला में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला. दीपनगर थाना क्षेत्र के महानंदपुर गांव के पास शुक्रवार की शाम बस से कुचलकर एक वृद्ध महिला की मौत हो गयी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। बस में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। उसके बाद एनएच 20 को जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना पाकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे। लेकिन, ग्रामीण शव उठाने से पहले मुआवजे का चेक मांग रहे थे।
कतरीसराय की रहने वाली थी महिला
मृतका कतरीसराय थाना क्षेत्र के बरीठ गांव निवासी गोपाल यादव की पत्नी सुनैना देवी थी। वह महानंदपुर गांव अपनी पुत्र शांति देवी से मिलने आयी थी। मिलकर वापस लौटने के दौरान बस ने कुचल दिया। हादसे में महिला की पुत्री भी जख्मी हुई है। उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया है। जाम के कारण एनएच 20 पर गाड़ियों की रफ्तार रुक गयी। समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था।
भागने के चक्कर में बस ने कुचल दिया
बताया जाता है कि शाम को महिला अपनी पुत्री के साथ अपने घर कतरीसराय लौट रही थी। महिला को चढ़ाने के लिए लोगों ने एक बस रुकवाया। बस पर चढ़ने के दौरान महिला नीचे गिर गयी। चालक ब्रेक मारने की बजाय बस को भगाने की कोशिश करने लगा। इसी प्रयास में महिला का सिर बस के पहिये के नीचे आ गया। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। इस आपाधापी में उनकी पुत्र जख्मी हो गयी।
खदेड़कर पकड़ लिया बस:
यह देखकर ग्रामीण नाराज हो गये और बस को खदेड़ने लगे। लोगों को देखकर चालक बस को छोड़कर भाग निकला। इधर गुस्साये लोगों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की। सभी शीशे तोड़ दिये। इसके बाद लोग सड़क जाम कर नारेबाजी करने लगे। जाम की सूचना पाकर दीपनगर थाना की पुलिस और सीओ अरुण कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। परिजन बिना चेक लिये शव उठाने को तैयार नहीं थे। हालांकि बाद में मुआवजे की घोषणा के बाद लोगों ने जाम हटाया