
नालंदा जिला में बाइक सवार बदमाशों ने एक आर्मी जवान को गोली मार दी. आर्मी जवान की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने बाइक सवार बदमाशों से साइड मांगने की जुरत कर ली.
क्या है पूरा मामला
रहुई थाना क्षेत्र के देकपुरा हॉल्ट के पास बदमाशों ने एक आर्मी जवान को गोली मार दी. जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घायल जवान का नाम सन्नी दयाल सिंह है और वो भी देकपुरा गांव का ही रहने वाला है
चाचा के श्राद्धकर्म में गांव आया है
घायल आर्मी जवान का नाम सन्नी दयाल सिंह है और कश्मीर में तैनात है. वो अपने चाचा के श्राद्धकर्म में हिस्सा लेने के लिए गांव आया हुआ है।
साइड मांगने पर मार दी गोली
बताया जा रहा है कि आर्मी जवान सन्नी दयाल सिंह अपनी मोटरसाइकिल से बिहारशरीफ गया था और वहीं से वापस लौट रहा था. देकपुरा हॉल्ट के पास दो बदमाश बाइक रास्ते में खड़ी कर सिगरेट पी रहे थे। आर्मी जवान ने दोनों से बाइक साइड करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के बीच विवाद हुआ और एक बदमाश ने कमर से पिस्टल निकालकर गोली मार दी जो युवक के सिर में लगी। जिसके बाद गांव वालों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जबकि बदमाश फरार हो गए. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है