
बिहार थाना पुलिस ने आज सुंदरगढ़ मोहल्ले में कार्रवाई कर एक विवाहिता की लाश, अर्थी से बरामद किया। महिला की चाकू घोंप व गला घोंट कर हत्या की गई थी। पिता की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। वारदात को अंजाम अस्थावां थाना इलाके के रामी बिगहा गांव में दिया गया। मृतका रामी बिगहा गांव निवासी अमित शर्मा की 27 वर्षीया पत्नी सीमा कुमारी है। नवादा जिला के काशीचक थाना क्षेत्र के बट्टा गांव निवासी पिता अरविंद कुमार, दामाद समेत अन्य ससुराली परिवार पर दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पति अपने बड़े भाई राजेश के साथ सुंदरगढ़ मोहल्ला में राजेश इंगलिश ट्यूशन सेंटर चलाता है। यहीं, वह परिवार समेत रहता था। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को मायके के परिजनों के हवाले कर दिया गया।
नगदी और मोटरसाइकिल के लिए दिया घटना को अंजाम
सीमा की शादी 6 साल पहले हुई थी। पिता ने बताया कि कुछ सालों तक उसकी गृहस्थी ठीक चली। उसने दो पुत्रों को जन्म दिया। इसके बाद पति व अन्य ससुराली परिवार उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगें। समय-समय पर पिता ने दामाद की कुछ मांगों को पूरा किया। दोनों परिवारों के बीच कई बार सुलह भी हुआ था। बावजूद इसके प्रताड़ना जारी रही। हाल के कुछ माह से पति दो लाख नकदी और बाइक की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर महिला को शारीरिक और मानिसक प्रताड़ना दी जा रही थी।
साजिस के तहत की गई हत्या
पिता ने बताया कि उनकी बेटी की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। महिला अपने बच्चों के साथ सुंदरगढ़ स्थित ट्यूशन सेंटर में ही रहती थी। गांव ले जा कर उसके सिर में चाकू घोंप व गला घोंट उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने सुंदरगढ़ मोहल्ले से शव बरामद किया। मायके के परिजन वाले अस्थावां इलाके में दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करेगी।