
बिहार (Bihar) के बेगूसराय (Begusarai) जिले में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सवारी लेकर जा रहा ई-रिक्शा (E-rickshaw) अनियंत्रित होकर कुंए में गिर गया. इससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद सभी को कुंए से बाहर निकाला. सभी सवारी खतरे से बाहर हैं, लेकिन उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
बेगूसराय के तेघड़ा में हादसा
जानकारी के मुताबिक, मामला बेगूसराय के तेघड़ा थाना (Teghda Police Station) क्षेत्र स्थित केराबारी ठाकुरबारी (Kerabari Thakurbari) का है. कहा जा रहा है कि यहां से 5 बच्चों को लेकर एक ई-रिक्शा गुजर रहा था. तभी अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गया. रिक्शे के साथ सभी पांच बच्चे भी कुएं में गिर गए. हालांकि, बच्चों की चीख-पुकार सुनने के बाद स्थानीय लोगों ने सभी को कुएं से निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में सभी का इलाज किया जा रहा है.
ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल
कहा जा रहा है कि इस हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि सभी बच्चों को मामूली चोटें लगी हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद तेघड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घटना की सूचना पर आसपास के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद बच्चों को सुरक्षित निकाला गया. बाद में ई-रिक्शा को भी कुएं से निकाल लिया गया.