
लोकसभा चुनाव से पहले एक बड़ी वारदात सामने आई है। नक्सलियों ने अपनी धमक दिखाने के लिए बीजेपी नेता और पूर्व एमएलसी अनुज सिंह के घर को विस्फोट कर उड़ा दिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. पुलिस नक्सलियों को पकड़ने के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है. वहीं पूरा गांव दहशत में है ।
क्या है पूरा मामला
गया जिले के डुमरिया थाना इलाके के बोधि बिगहा गांव के रहने वाले हैं पूर्व एमएलसी अनुज सिंह। अनुज सिंह बीजेपी नेता हैं ।यहां उनका भव्य और बड़ा सा घर भी है । जिसे नक्सलियों ने रात करीब 12 बजे डायनामाइट लगाकर उड़ा दिया। बताया जा रहा है कि पूर्व एमएलसी अनुज कुमार सिंह को नक्सली धमकी दे रहे थे. नक्सलियों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार का ऐलान कर रखा है जिसके चलते उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया.

करीब 50 की संख्या में थे नक्सली
बताया जा रहा है कि करीब 50 की संख्या में नक्सलियों का एक जत्था एमएलसी के डुमरिया के बोधि बिगहा स्थित घर पर पहुंचा और सभी परिजनों को घर से बाहर निकाल दिया। इस दौरान नक्सलियों ने घर मे रहे एमएलसी के चाचा और उनके भाई की भी जमकर पिटाई की और विस्फोटक पदार्थ लगाकर उड़ा दिया. इसके बाद नक्सलियों ने जमकर नारेबाजी की । नक्सलियों ने पहले भी एमएलसी के घर को निशाना बनाया था और ऐसी घटना होने की सूचना खुफिया विभाग के द्वारा भी दी गई थी.

साल 2105 में भी वारदात को दिया था अंजाम
आपको यहां बता दें कि साल 2015 में विधानसभा चुनाव के दौरान नक्सलियों ने जनार्दन राय के घर को विस्फोट कर उड़ा दिया था. नक्सलियों ने राय की कार को अपने कब्जे में ले लिया था.