
पति पत्नी के बीच नोंक झोंक हर घर में होता है । इसके बिना कोई घर अछूता नहीं है । लेकिन शायद आपने अब तक नहीं सुना होगा कि पति से झगड़ा करने के बाद कोई पत्नी टावर पर चढ़ गई हो. और इलाके की बिजली कई घंटे के लिए काटनी पड़ी हो.
टावर पर चढ़ते वक्त कटी थी बिजली
मामला बिहार के समस्तीपुर जिले के उजियारपुर के चांदचौर गांव की है . गांव में उस वक्त अफरातफरी का माहौल हो गया, जब एक महिला एक लाख 32 हजार वोल्ट सप्लाई वाले हाई वोल्टेज इलेक्ट्रिक वायर वाले टावर पर चढ़ गई. गनीमत ये रही कि उस वक्त इलाके में सप्लाई बंद था.
3 घंटे तक चला ड्रामा
महिला के टावर पर चढ़ने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. ये ड्रामा लगभग 3 घंटे से अधिक समय तक चला. स्थानीय ग्रामीण टावर पर चढ़ी महिला से उतरने की गुजारिश करते रहे लेकिन वह किसी की नहीं सुन रही थी.
अधिकारियों के छूटे पसीने
ग्रामीणों ने इसकी सूचना समस्तीपुर जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, बिजली विभाग के अधिकारी और उजियारपुर थाने को दी जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया. मामले की जानकारी मिलने के बाद उजियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची. महिला की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के निकास पुर गांव की ममता देवी के रूप में हुई है. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस के समझाने के बाद महिला नीचे आई.
महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
गांववालों के मुताबिक महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था जिसके बाद महिला ने इस तरह की हरकत की. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि महिला अपने पति के ताड़ी बेचने की आदत से नाराज थी हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. हालांकि हाई वोल्टेज विद्युत टावर से महिला के उतरने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली.