
नालंदा में तेज रफ्तार बाइक ने एक महिला की जान ले ली। नालंदा खंडहर रोड पर निर्मल बिगहा मोड़ के पास सड़क पार कर रहीं एक महिला को मोटर साइकिल सवार ने धक्का मार दिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद लोगों ने लगाया जाम
मृतक महिला निर्मल बिगहा गांव के रहने वाले शशिभूषण सिंह की मां थीं। घटना के बाद नाराज लोगों ने आगजनी कर एक घंटे तक सड़क को जाम रखा तथा प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
इसे भी पढ़िए-नालंदा में गरमजरुआ जमीन को लेकर ताबड़तोड़ गोलीबारी.. एक मौत,दो मवेशी की भी गई जान
लहेरिया कट बाइक ने ली जान
लोगों का कहना था कि इस रोड में लहेरियाकट बाइक सवारों का आतंक है। शिकायत के बाद भी प्रशासन इस पर रोक लगाने में असमर्थ है। इसके कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना था कि महिला सड़क के किनारे जा रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार ने धक्का मार दिया। सड़क जाम की सूचना पाकर बीडीओ डॉ.अंजनी कुमार मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर शांत किया। एसएचओ शशिरंजन ने बताया कि मृतक महिला का बेटा नवादा में रहता है।
बाइक सवार गिरफ्तार
पुलिस ने बाइक सवार जयराम पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है । बताया जा रहा है कि हादसे में उसे भी चोट लगी है ।