
पर्यटन नगरी के नाम से मशहूर राजगीर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही यात्रियों को वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। इसके लिए काम पूरा कर लिया गया है। जल्द ही पर्यटकों व यात्रियों के लिए वाई-फाई खोल दिया जायेगा। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन के पास सालों से बंद पड़ा पे एंड यूज शौचालय को भी जल्द खोलने को कहा ताकि यात्रियों और पर्यटकों को सुविधा हो सके।
राजगीर रेलवे स्टेशन को नया लुक दिया जाएगा
एडीआरएम अरविंद रजक ने कहा कि राजगीर रेलवे स्टेशन को राजेन्द्र नगर, पटना, दानापुर और पाटलिपुत्रा रेलवे स्टेशन की तरह नया लुक दिया जायेगा। इसका सौंदर्यीकरण किया जायेगा। इसमें तीन गुम्बज होंगे जिसमें एक शांति स्तूप जैसा होगा। इससे इसकी नयी पहचान होगी।
अवर मंडल रेल प्रबंधक ने किया निरीक्षण
दानापुर जोन के अवर मंडल रेल प्रबंधक अरविन्द रजक ने राजगीर रेलवे स्टेशन का जायजा लिया. वे तिलैया रनिंग रूम का निरीक्षण के बाद राजगीर पहुंचे। स्टेशन परिसर की साफ-सफाई से संतुष्ट दिखे और वहां पर चल रहे हवन के बारे में भी स्टेशन प्रबंधक मंतोष कुमार मिश्रा से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रनिंग रूम के पास बन रहे अतिरिक्त कक्ष को जल्द ही पूरा किया जाय।