
नालंदा जिला में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक घर में अकेला था। शव घर में छत के सहारे गमछा से लटक रहा था । आत्महत्या की वजहों का पता नहीं चला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजन के हवाले कर दिया है।
क्या है मामला
मामला कतरीसराय के भगवानपुर गांव की है। जहां 20 साल के चुन्नू कुमार ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। चुन्नू घर का इकलौता चिराग था। उसके पिता सुरेंद्र राउत और मां कुछ दिन पहले ही अपने एक रिश्तेदार से मिलने दिल्ली गए थे। चुन्नू घर में अकेला था। सोमवार की सुबह आठ बजे तक घर का दरवाजा बंद देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। कुछ ही देर में ढेरों संख्या में ग्रामीण जुट गयी। लोगों ने बाहर से उसका नाम लेकर पुकारना शुरू कर दिया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। तो गांववालों ने दरवाजा तोड़ दिया।
दरवाजा तोड़कर लोग कमरे में घुसे तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गये। चुन्नु का शव छत में लगे हुक के सहारे लटका था। उसने अपनी गर्दन में गमछा बांधकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि शव परिजन के हवाले कर दिया गया है। उसने आत्महत्या क्यों की इसका पता नहीं लगा है। मृतक के माता-पिता के वापस लौटने के बाद अधिक जानकारी मिल पायेगी।