
एक माह के रमजान के बाद मंगलवार की देर शाम चांद का दीदार होते ही रोजेदारों व मुस्लमान भाईयों के चेहरे खिल उठे। चांद दिखते ही लोगों ने आज बुधवार को ईद का एलान कर सड़कों पर उतर आए और आतिशबाजी कर एक दूसरे को ईद मुबारक कह गले मिल बधाई दी। इधर ईद के पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी पूर्व में कर ली है। इस मौके पर ईद के नवाज के अवसर पर सभी मस्जिद व दरगाह पर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यह जानकारी मंगलवार को डीएम योगेंद्र सिंह ने देते हुए बताया कि बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारी एवं बल की तैनाती कर दी गई है। अतिसंवेदनशील इलाकों में प्रशासन विशेष एहतियात बरत रहा है। संवेदनशील हर जगह पर तेज-तर्रार मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में विधि व्यवस्था बनाए रखने की जवाबदेही प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष को दी गई है। ईद के नवाज के मौके पर वे खुद एसपी के साथ पूरे शहर पर नजर रखेंगे। शहरी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने सभी को ईद का त्योहार पूरी सौहार्द के साथ मनाने की अपील किया। डीएम ने बताया कि ईद के त्योहार को देखते हुए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष में मौजूद दंडाधिकारी पल-पल की रिपोर्ट तत्काल वरीय पदाधिकारी को देंगे। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के लिए पुलिस की खुफिया टीम सादे लिबास में संवेदनशील जगहों पर मौजूद रहेंगे। सभी एसडीओ को निर्देश दिया गया है कि वे डीएसपी व एसडीपीओ के साथ समन्वय स्थापित कर विधि व्यवस्था बनाए रखें। यहां बता दें कि एसडीओ सदर के अवकाश पर चले जाने पर डीसीएलआर बिहारशरीफ को अनुमंडल की विधि व्यवस्था बनाए रखने की अतिरिक्त जवाबदेही दी गई है।