
नालंदा जिला के चंडी थाना इलाके में एक देवर ने अपनी भाभी को पीट-पीटकर मार डाला है। मामला चंडी थाना के डीहरा गांव की है। बताया जा रहा है कि मुनारिक यादव ने अपने भाई मिश्री यादव की पत्नी सीता देवी को पीट पीटकर मार डाला। मृतका के पति मिश्री यादव ने अपने भाई मुनारिक यादव समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर करायी है।
प्राथमिकी के अनुसार रविवार को मिश्री यादव ने अपने खलिहान में धान कुटाई का विरोध किया था। इसके बाद दोनों भाईयों के बीच कहासुनी होने लगी। उसी दौरान मुनारिक भाई की पत्नी को पीटने लगा और उसके सीना पर खड़ा होकर रौंद दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
तो वहीं गांववालों के मुताबिक बिहारशरीफ के सोहसराय और गांव की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इस बात को लेकर अकसर दोनों में झगड़ा होता था। रविवार की सुबह में दोनों भाइयों में कहासुनी हो गयी। महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इससे उन्हें हार्ट अटैक आया और मौके पर ही महिला की मौत हो गयी। ग्रामीणों का कहना है कि महिला पूर्व से बीमार थी। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। दोनों भाईयों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। आठ महीने पहले दोनों के बीच मारपीट हुई थी। इस संबंध में दोनों पक्षों ने एफआईआर करायी थी।