
नालंदा जिला में एक कलयुगी बेटे ने रिश्ते को शर्मसार कर दिया। जिस मां ने पाल पोसकर बड़ा किया उसी मां को पीट-पीट कर मार डाला और फिर लोगों को धोखा देने के लिए जहर खाने की नौटंकी की।
क्या है पूरा मामला
हिलसा बाजार के दरगाह रोड पर है पंचांग मोहल्ला। मोहल्ले वासी खबर सुनकर स्तब्ध हैं कि कोई बेटा ऐसा कैसे कर सकता है । तो कोई कह रहा है कि हे भगवान ! कभी किसी को ऐसा बेटा मत देना। क्योंकि 65 साल की शमीमा खातून का उसके अपने खून ने खून कर दिया। शमीमा खातून की गलती बस इतनी थी कि उसने अपने बेटे को गलत लत करने से रोका था।
मां ने ताना दिया तो बेटे ने मार डाला
बताया जा रहा है कि शमीमा खातून किचन में खाना बना रही थी। तभी उसका छोटा बेटा आया और खाना मांगा। जिसपर मां ने कहा कि जहां जुआ खेल रहे थे वहीं खाना भी खा लेते . ये सुनते ही वो आग बबूला हो गया। इसके बाद वो मां की बाल खींचकर जमीन पर पटक दिया और ईंट से सिर को कूच डाला। जिससे मौके पर शमीमा की मौत हो गई.
फिर की सुसाइड की नौटंकी
सिरफिरे बेटे फैयाज अहमद को जब इस बात का एहसास हुआ कि उसने मां का कत्ल कर डाला है तो फिर वो तुरंत झूठी कहानी गढ़ डाला। वो अपने हाथ पर लाल स्याही से लिख डाला कि रुपया के लिए हत्या किया। इसके बाद घर में रखी कुछ दवा खाकर खुदकुशी का नाटक करने लगा। घर में शोरगुल सुन मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे।
मोहल्लावालों की आंखें फटी रह गई
शमीमा के घर का नजारा देखकर मोहल्लेवाले सन्न रह गए। खून से लथपथ महिला का शव किचन में पड़ा था और बदमाश बेटा आंगन में पड़ा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश पुत्र को गिरफ्तार कर उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हाल में जेल से हुआ है रिहा फैयाज
बताया जा रहा है कि शमीमा खातून का चार बेटा है । जिसमें फैयाज सबसे छोटा है। उसे शराब और जुआ का लत है। फैयाज के बड़े भाई का कहना है कि वो पहले भी मां की पिटाई की थी। जिसमें उसे जेल तक जाना पड़ा था। जुआ की लत की वजह से वो घर के लाखों की संपत्ति का नुकसान कर चुका है। फैयाज को उसकी मां ने एक दुकान खुलवा दिया गया था। लेकिन दुकान की पूंजी भी वो शराब और जुए में बर्बाद कर दिया।