
मौसम एक बार फिर से बदल रहा है. तापमान में एक बार फिर से बढ़ने लगा है. तेज गर्मी के साथ उमस से लोग भी परेशान हैं. हल्की बारिश राहत से ज्यादा लोगों को आफत पहुंचा रही है. लोग कह रहें.. बरसना है तो तेज बरसो. फिसिर फिसिर मत बरसो !
अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों बढ़ा
अधिकतम तापमान तीन डिग्री बढ़ने के साथ 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री की वृद्धि हुई, जो 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम केंद्र के अनुसार आर्द्रता 80 फीसदी से अधिक होने से लोग पूरे दिन ऊमस से परेशान रहे.
वहीं सुबह से लेकर दोपहर तक शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई.
अगले पांच दिनों में हल्की बारिश
मौसम केंद्र की मानें, तो नालंदा और राजधानी पटना सहित आसपास के लोगों को अभी तेज बारिश के लिए इंतजार करना होगा. फिलहाल कहीं कोई ऐसा सिस्टम डेवलप नहीं हो रहा है, जिससे राज्य में तेज बारिश हो. मौसम केंद्र की मानें, तो अगले पांच दिनों में लोकल थंडरस्टाॅर्म के कारण के कारण ही कुछ एक इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

मात्र 18 फीसदी की रह गयी कमी
भले ही लोगों को अच्छी बारिश का इंतजार हो. पूरे सीजन के दौरान मात्र एक बार तेज बारिश का आंकड़ा पास कर पाया है, लेकिन मौसम केंद्र की मानें, तो पटना और नालंदा जिले में अब मात्र 18 फीसदी की कमी रह गयी है.
बारिश नहीं होने से रोपनी प्रभावित
नालंदा और पटना जिला में बारिश नहीं होने से धान रोपनी प्रभावित हो रही है. हफ्ते भर से बारिश नहीं होने के कारण किसान खासे चिंतित हैं। प्रखंड में लगे सरकारी नलकूप वर्षों से खराब पड़ा हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी उन किसानों की हो रही है जो बारिश पर आश्रित हैं। किसानों का कहना है कि अगर इन्द्रदेव इसी तरह नाराज रहे तो लक्ष्य के अनुसार धान की रोपाई नहीं हो सकेगा। जिससे किसानों को भुखमरी की नौबत आ जाएगी।
