
नालंदा जिला के पावापुरी का वर्द्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स) ने एक उपलब्धि हासिल की है। पावापुरी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने पहली बार हिप ज्वाइंट रिप्लेसमेंट की सफल सर्जरी की। डॉक्टरों की टीम ने राजगीर के रहनेवाले अरुण साव का आर्थोपेडिक्स डिपार्टमेंट की अगुवाई में सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। ये ऑपरेशन दो घंटे तक चला। टीम में हड्डी विभाग के प्रमुख डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. सुशील कुमार सिंह, सर्जरी डिपार्टमेंट के डॉ. अरुण चौधरी, एनेस्थेसिस्ट डॉ. बसंत कुमार सिंह और डॉ. विजेंद्र प्रसाद शामिल थे। इंटर्नशिप कर रहे डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. सुरभी, डॉ. अनुष्का राय, डॉ. मिट्ठू कुमार, डॉ. अपर्णा श्रेया, डॉ. नरेंद्र, डॉ. अमित कुमार सिंह ने भी सहयोग किया। सर्जरी टीम में ड्रेसर शिवशंकर कुमार और पीयूष कुमार के अलावा रवि रंजन,चंद्रकांता भी थे ।

पावापुरी मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग के प्रमुख डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि हिप ज्वाइंट रिप्लेसमेंट का ऑपरेशन जोखिम भरा होता है। उन्होंने कहा कि अरुण साव का सफल सर्जरी की गयी। अब अरुण को जल्द ही इस रोग से मुक्ति मिल जाएगी। वे स्वास्थ्य लाभ लेकर पहले की तरह जीवन व्यतित कर सकेंगे। मरीज के परिजन ने सफल ऑपरेशन के लिए विम्स के चिकित्सकों को धन्यवाद दिया है । वहीं पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल अधीक्षक ज्ञान भूषण ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अब यहां के चिकित्सकों द्वारा बड़े ऑपरेशन की भी शुरुआत कर दी गई है। अस्पताल में कुछ कमियां हैं, इसे भी बहुत जल्द सभी के सहयोग से दूर कर लिया जाएगा। ऐसे में अब अपेक्षा की जा रही है कि जिलावासियों को इलाज के लिए अब पटना दिल्ली का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा