
नालंदा जिला में सड़क पर ट्रैक्टर यमराज बनकर दौड़ रही है। हर दिन ट्रैक्टर से कहीं न कहीं हादसे की खबर आ रही है। कहीं ट्रैक्टर से कुचलकर बच्चों की मौत हो जाती है। तो कभी ट्रैक्टर वाले बाइक सवार की जान ले रहे हैं। जिन ट्रैक्टरों से हादसा हो रहा है उसमें अधिकतर में बालू लदा होता है। ताजा वाक्या नालंदा जिला के चंडी थाना इलाके की है। चंडी के गोकुलपुर के पास ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें तीन युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गए। ये तीनों शादी समारोह में वीडियोग्राफी कर जहानाबाद से लौट रहे थे। तो वहीं, चंडी थाना के ही जगतपुर गांव के पास बाइक फिसलने से तीन युवक जख्मी हो गए। यहां भी ट्रैक्टर वालों ने बालू गिराया था। घायलों की पहचान हरनौत थाना के गंगटी गांव के मुकेश कुमार, आदमपुर गांव के रविन्द्र यादव और फतुहा के कारू यादव के रूप में हुई है। तीनों हरनौत के गंगटा गांव से शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहे थे। जैसे वे जगतपुर मोड़ के पास पहुंचे। सड़क पर बालू गिरे होने की वजह से बाइक फिसल गई। जिसमें तीनों जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले कल मानपुर थाना में ट्रैक्टर से कुचलकर दो बच्चों की मौत हो गई।