
बिहार में एक पत्रकार पर जानलेवा हमला हुआ है । अपराधियों ने पत्रकार को गाड़ी से कुचलकर मारने की कोशिश की। लेकिन वो बाल-बाल बच गया। लेकिन इसमें वो बुरी तरह जख्मी हो गया है । पीड़ित पत्रकार का एक पैर भी टूट गया है
क्या है पूरा मामला
मामला बेगूसराय (Begusarai) के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नीमा चांदपुरा रोड की है. बताया जा रहा है कि एक दैनिक अखबार (News Paper) के पत्रकार अजय शास्त्री अपने घर नीमा चांदपुरा से बेगूसराय आ रहे थे इसी दौरान सामने से जा रही बोलेरो (Bolero) ने जानबूझकर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में अजय शास्त्री बुरी तरह से जख्मी हो गए और उनका एक पैर टूट गया.
जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
आनन-फानन में लोगों द्वारा उक्त पत्रकार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के अनुसार मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है. डीएसपी मुख्यालय कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले अजय शास्त्री और उन्हीं के रिश्ते में लगने वाले चाचा मुसुक सिंह के बीच बरसों से जमीनी विवाद चला आ रहा है. इन दोनों के बीच कई बार हाथापाई और तू तू मैं मैं भी हो चुकी है. गुरुवार को जब अजय शास्त्री अपने घर से आ रहे थे तो इसी दौरान मुसुक सिंह ने उन्हें जान से मारने का प्रयास किया. गनीमत यह रही कि बोलेरो की चपेट में आने से उक्त पत्रकार का बायां पैर टूटा लेकिन जान बच गई.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रेड शुरू
फिलहाल पुलिस ने मामले को दर्ज कर मुसुक सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक मसूक सिंह पुलिस की पकड़ से बाहर है. पुलिस का दावा है कि उक्त आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पत्रकार अजय शास्त्री पर उक्त आरोपी द्वारा पूर्व में भी जानलेवा हमला किया गया था. आरोपी एवं अपराधी के कई मामले न्यायालय में अभी भी लंबित हैं.