
बिहार की राजधानी पटना में एक साथ 45 पुलिसवालों पर गाज गिरी है । घूसखोरी के आरोप में पटना ट्रैफिक पुलिस के 45 पुलिसकर्मियों को एक साथ सस्पेंड कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
पटना की एसएसपी गरिमा मलिक ने घूसखोरी के आरोप में पटना ट्रैफिक पुलिस (Patna Traffic Police) के 45 पुलिसकर्मियों को एक साथ निलंबित (Suspend) कर दिया है. इन सभी पर गांधी सेतु (Mahatma Gandhi Bridge) पर अवैध वसूली कर ट्रकों को नो इंट्री एरिया में प्रवेश की छूट देने का आरोप है. जिन पुलिसवालों को सस्पेंड किया गया है उसमें 32 कांस्टेबल और 13 पुलिस अधिकारी शामिल हैं.
एसएसपी ने क्या कहा
पटना एसएसपी गरिमा मलिक ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी. ट्रैफिक डीएसपी के बयान पर सभी आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अगमकुआं थाना में केस दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है.
कलेक्टर ने लगाई थी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
दरअसल महात्मा गांधी सेतु पर पटना के जिलाधिकारी ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पैसे लेकर अपने ही जिलाधिकारी के आदेश का माखौल उड़ा दिया. पटना पुलिस के इतिहास में यह पहला मौका है जब भ्रष्टाचार के आरोप में एक साथ इतने सारे पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है. पुलिस महकमे के सूत्रों की मानें तो सीसीटीवी में अवैध वसूली की तस्वीरें कैद हुईं हैं, और ऐसे में आरोपी और निलंबित पुलिसकर्मियों पर आनेवाले दिनों में शिंकजा कसना तय है.