
नालंदा में 16 साल की एक किशोरी की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है. किशोरी के चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया गया है .
क्या है पूरा मामला
राजगीर थाना क्षेत्र के बेलौर गांव के पास एक किशोरी का शव बरामद किया गया है। लाश नहर पर से गिरियक जाने वाले मार्ग में सूखी नहर से मिली है। मृतका की उम्र 16 साल के करीब है। उसके चेहरे को बुरी तरह से कुचल दिया गया है। आशंका है कि गला घोंटकर हत्या की गयी है। अभी तक शव की पहचान नहीं हो पायी है।
जांच में जुटी पुलिस
लड़की के शव की सूचना मिलने के बाद राजगीर के डीएसपी सोमनाथ प्रसाद के साथ राजगीर और सिलाव थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस शव को जब्त कर थाने लायी है। डीएसपी ने बताया कि किशोरी के पास ऐसा कोई भी सामान नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। उन्होंने प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जतायी है। उनका कहना है कि हत्या कहीं और की गयी है। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उदेश्य से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए रखेगी। इधर ग्रामीणों का कहना है कि यह इलाका सुनसान है। इस वजह से अक्सर वारदात होते रहते हैं।