
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सीने में दर्द की शिकायत के बाद दिल्ली के एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक पूर्व पीएम को देर रात एम्स में भर्ती कराया गया है।
सीने में दर्द की शिकायत
पूर्व पीएम डॉक्टर मनमोहन सिंह 87 साल के हैं. सीने में दर्द की शिकायत बाद उन्हें कार्डियो थोरासिक वॉर्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। आईसीयू में दिल के डॉक्टर नीतीश नायक उन्हें देख रहे हैं। मनमोहन सिंह की साल 2009 में एम्स में बायपास सर्जरी हुई थी।
मोदी सरकार की अर्थव्यवस्था के आलोचक
मनमोहन सिंह मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते रहे हैं। पिछले महीने उन्होंने केन्द्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) रोके जाने के मोदी सरकार के फैसले की आलोचना की थी और कहा था कि कोविड-19 के बीच यह कड़ा कदम अनावश्यक तौर पर उठाया गया है।
10 साल तक पीएम रहे
डॉ. मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और वर्तमान में संसद के उच्च सदन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं। मनमोहन सिंह देश के 13वें प्रधानमंत्री रहे हैं। मई 2004 से लेकर मई 2014 तक लगातार 10 साल मनमोहन सिंह ने देश के प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला। 1991 से मई 1996 तक वो देश के वित्त मंत्रालय की कमान भी संभाल चुके हैं।