
बिहार पूर्व मुख्यमंत्री और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत किया और उन्हें फूलों का गुलस्ता दिया.
बजट सत्र की शुरुआत
दरअसल, आज से बिहार विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत हुई है। बजट सत्र में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानमंडल पहुंचे. जहां बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बुके देकर स्वागत किया. वहीं, सभापति हारून रशीद ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया. इस मौके पर पार्टी के कई मंत्री और सदन के सदस्य मौजूद थे.
राज्यपाल का अभिभाषण
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से हुआ. इस दौरान राज्यपाल ने बिहार विधानसभा और विधानपरिषद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इस मौके पर राज्यपाल फागू चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने न्याय के साथ विकास के सार्थक प्रयास किये हैं. सभी वर्गों को लेकर चलने के लिए सरकार संकल्पित है. सरकार की प्राथमिकता कानून का राज स्थापित करना है. सरकार के संकल्पों के कारण ही बिहार में सामाजिक सद्भाव है. साथ ही राज्यपाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली समेत सभी अन्य क्षेत्रों में हुई राज्य की प्रगति की चर्चा की.
31 मार्च तक चलेगा बजट सत्र
बिहार विधानसभा का बजट सत्र 31 मार्च तक चलेगा. 25 फरवरी यानि मंगलवार को वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी बजट पेश करेंगे. इसके बाद सभी विभाग के बजट पर वाद-विवाद समेत कई महत्वपूर्ण विधेयक पास किये जायेंगे. 31 मार्च तक चलनेवाले बजट सत्र में कुल 22 बैठकें होंगी.