
नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड के मुखिया संघ ने आमरण अनशन की धमकी दी है. रविवार को अफरोजा खातुन की अध्यक्षता में गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय के किसान भवन में मुखिया संघ की बैठक हुई. जिसमें ये फैसला लिया गया.
क्या है पूरा मामला
गोविंदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिछले 10 दिन से बंद है. जिससे मुखिया संघ नाराज है. साथ ही धमकी दी है कि अगर गोविंदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का ताला नहीं खोला गया तो वे लोग सामूहिक अनशन करेंगे. इसके अलावा मृतक नवजात के शोक में गोविंदपुर बाजार में कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।
17 अप्रैल क्यों बंद है अस्पताल
दरअसल, 17 अप्रैल गोविंदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक नवजात की मौत हो गई थी. जिसके बाद नवजात के परिजनों ने हंगामा किया था. परिजनों का आरोप था कि इलाज में लापरवाही की वजह से उसकी जान गई. अगर समय पर इलाज और ऑक्सीजन मुहैया कराया जाता तो जान बच सकती थी। वहीं, इस मामले में डॉक्टरों ने थाने में मारपीट की प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। मुखिया संघ ने घटना के लिए प्रभारी रामलखन चौधरी, जीएनएम निर्मला कुमारी और एएनएम मधु सिंहा जिम्मेवार है।
मरीजों को हो रही है परेशानी
मारपीट की घटना के बाद से ही गोविंदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका है. जिससे मरीजों का बुरा हाल है. अब इसके खिलाफ मुखिया संघ ने मोर्चा खोल दिया है . बैठक में विशनपुर पंचायत के मुखिया पारसनाथ शर्मा, बनिया बिगहा मुखिया मंजूला देवी, बुधवारा मुखिया मधुसूदन साव, सरकंडा मुखिया पारसनाथ यादव, भवनपुर पंचायत की मुखिया संतोष उर्फ रामविलास राजवंशी, माधोपुर मुखिया समेत कई अन्य लोग मौजूद थे। इस बीच जिला सरपंच संघ अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने भी गोविदपुर प्रखंड मुखिया संघ के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि घटना की जितनी निंदा की जाए वो कम है। उन्होंने मुखिया संघ के आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है।