
नए ट्रैफिक नियमों के लागू होने के बाद पूरे देश भर में चालान को लेकर जबरदस्त चर्चा है. चालान काटने के अजीब-अजीब वाकये भी सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां मालिक ने चालान के 1.16 लाख ड्राइवर को भरने के लिए दिए तो वह पैसे लेकर भाग गया.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, दिल्ली के एक ट्रक का हरियाणा के रेवाड़ी जिले में 1.16 लाख का चालान कटा. इसके बाद ट्रक मालिक ने ड्राइवर को पैसे जमा करने के लिए दिए तो ड्राइवर पैसे समेत गायब हो गया. इसके बाद किसी तरह पुलिस ने उसे पकड़ा.
ओवरलोडिंग की वजह से चालान
ट्रक के मालिक यामीन खान ने बताया कि ओवरलोडिंग की वजह ट्रक का रेवाड़ी में चालान हुआ था. किसी तरह पैसे ड्राइवर को भरने के लिए दिया लेकिन वह रेवाड़ी पहुंचा ही नहीं और उसका फोन बंद बताने लगा. जब शंका हुई तो पुलिस को सूचना दी गई.
आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस पूछताछ के लिए 57 साल के उस ट्रक ड्राइवर झब्बू के घर उत्तर प्रदेश के फिरोजपुर पहुंच गई. पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मीडिया को बताया कि ड्राइवर पांच महीने पहले यहां नौकरी करने आया था.
मालिक को सबक सिखाने का था प्लान
जानकारी के अनुसार ट्रक के मालिक यामीन खान ने इतने ज्यादा रूपये के चालान कटने की वजह से ड्राइवर को डांट भी लगाई थी जिससे ड्राइवर ने मन ही मन सबक सिखाने की सोच ली थी और वह मालिक के पैसे लेकर फरार हो गया.
एक सितंबर से लागू हुआ नया नियम
बता दें कि एक सितंबर से नया मोटर व्हीकल एक्ट लागू हो गया है. इसी के साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की राशि भी कई गुना बढ़ गई है. हर जगह की पुलिस लगातार लोगों का चलान काट रही है.
देश के कई हिस्सों से चालान कटने के वाकये सामने आए हैं. किसी का 23 हजार का चालान कटा है तो वहीं किसी को 59 हजार रुपये भरने पड़ रहे हैं. अब तो एक लाख तक के चालान भी काटे जा रहे हैं