
कोरोना वायरस का संक्रमण का प्रभाव है कि पहली बार सूर्य पीठ बड़गांव और औंगारी धाम मंदिर में श्रद्धालु छठ पर्व करने से वंचित रहे हैं। इन दोनों ही जगहों पर पूरे बिहार ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों से भी लोग छठ व्रत करने आते रहे हैं। इस बार औंगारी धाम सूर्य मंदिर में भी ताला लटका है और व्यवस्थापक द्वारा ही पूजा-पाठ किया जा रहा है। शनिवार को नहाय खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व चैती छठ की शुरुआत हो गयी। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में ही व्रत की शुरुआत की। चना का दाल, कद्दू, अरवा चावल, सब्जी, बजका आदि बनाकर भगवान भास्कर की पूजा अर्चना कर नहाय खाय से व्रत की शुरुआत की।
आज खरना है
व्रतियां आज खरना करेंगे। आज व्रतियां भगवान भास्कर के लिए प्रसाद तैयार करते हैं. इस प्रसाद के बाद व्रतियों का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है. कल भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जाएगा. मंगलवार की सुबह के अर्घ्य के साथ महापर्व छठ की समाप्ति होगी. इस बार व्रतियों ने भगवान भास्कर से कोरोना संक्रमण का नाश करने की भी कामना की।
सूर्य तालाब की कर दी गई है घेराबंदी
भगवान भास्कर के 12 अर्कों में एक सूर्य पीठ बड़गांव के पंडा कमिटी ने इस बार चैती छठ पूजा नहीं करने का निर्णय लिया था। जिसे देखते हुए सीओ द्वारा सूर्य तालाब की बांस से घेराबंदी कर दी गयी है। बाहर से भी श्रद्धालु व्रत करने नहीं पहुंचे। पंडा कमिटी द्वारा सूर्य मंदिर के मुख्य द्वार में ताला बंद कर दिया गया है। एक सप्ताह पूर्व भी श्रद्धालुओं से अपने घर में छठ पर्व करने की अपील की गयी थी।
बता दें कि यहां बाहर से आये श्रद्धालु खेत खलिहान में तम्बू बनाकर सूर्योपासना करते हैं। शनिवार को नहाय-खाय होने के बावजूद एक भी श्रद्धालु नहीं पहुंचे। बीडीओ सह सीओ डा. अंजनी कुमार ने बताया कि यह खुशी की बात है कि श्रद्धालु अपने घर में ही छठ पर्व कर लोगों का जीवन सुरक्षित कर रहे हैं।
सूर्य मंदिर बड़गांव के पूर्व कोषाध्यक्ष मोती लाल पाण्डे ने बताया कि इस सूर्य पीठ के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि लोगों को सूर्योपासना से वंचित होना पड़ा है।
औंगारी धाम में ताला
पौराणिक औंगारी धाम सूर्य मंदिर में भी ताला लटका है। औंगारी धाम ट्रस्ट द्वारा छठ व्रतियों से अपने ही घरों में छठ व्रत करने की अपील की गयी है। ट्रस्ट के अध्यक्ष राम भूषण दयाल, डा. संजीव कुमार, ई. आशुतोष कुमार, नवल किशोर पाण्डे, एसके पाण्डे ने घाट पर नहीं आने की अपील की है।