
बिहारशरीफ शहर से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। इसके लिए टास्क फोर्स का भी गठन कर लिया गया है। टास्क फोर्स में पुलिस बल के साथ निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। नगर आयुक्त का कहना है कि बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में कई जगहों पर अतिक्रमण किया जा रहा है लेकिन पुलिस बल नहीं रहने के कारण निगम पहल नहीं कर पा रहा था। लेकिन अब अतिक्रमणकारियों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।
कब-किस मोहल्ले में चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
टास्क फोर्स गठन के बाद अतिक्रमण हटाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। अतिक्रमण हटाने का काम 4 अक्टूबर से शुरू कर दिया जाएगा। 4 अक्टूबर को अस्पताल चौराहा से भरावपर तक, 5 अक्टूबर को अस्पताल चौराहा से सोहसराय तक, 6 अक्टूबर को अम्बेर मोड़ से नईसराय होते हुए रेलवे स्टेशन तक, 11 अक्टूबर को भरावपर से देवीसराय चौक तक, 12 अक्टूबर को भरावपर से करगिल मोड़ तक, 13 अक्टूबर को अम्बेर मोड़ से अस्पताल चौराहा तक और 15 अक्टूबर को अम्बेर मोड़ से बारादरी होते हुए खंदकपर तक अभियान चलाया जाएगा।
टास्क फोर्स कचरा प्रबंधन के साथ राजस्व वसूली भी करेगी
नगर आयुक्त के मुताबिक टास्क फोर्स की ये टीम अतिक्रमण, कचरा प्रबंधन और राजस्व वसूली का भी काम करेगी। राजस्व पदाधिकारी को राजस्व वसूली, ट्रेड लाइसेंस निर्गत करने, फॉगिंग एवं कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने को कहा गया है।