उत्तर बिहार में भारी बारिश की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है । सीतामढ़ी में लगातार हो रही बारिश की वजह से कई इलाकों में बाढ़ आ गई है । हालात को देखते हुए सीतामढ़ी में 20 जुलाई तक स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं. साथ ही सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है ।
बागमती नदी का तटबंध टूटा
सीतामढ़ी के सुप्पी प्रखंड के परसा गांव में बागमती नदी का तटबंध टूटने से सुप्पी और मेजरगंज के दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं हजारों हेक्टेयर खेत में लगी फसलें दह गईं। अफरातफरी के बीच लोग स्कूल और सामुदायिक भवन समेत ऊंचे स्थलों पर पनाह लेने को विवश हैं। बड़ी संख्या में लोग पलायन कर रहे हैं।
सोनबरसा थाना परिसर और कैंप में घुसा पानी
भारी बारिश की वजह से बागमती, लखनदेई, झीम, रातों, मरहा और लालबकेया आदि नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बेलसंड के मारड़ के पास बागमती नदी में जबरदस्त कटाव जारी है। अधिकारियों की टीम बांध मरम्मत में लगी है। सोनबरसा और परिहार के नए इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। सोनबरसा में थाना परिसर और एसएसबी कैंप में पानी घुस गया है।
रेल सेवा रोकी गई
सोनबरसा-नेपाल सड़क पर चार फीट पानी का बहाव जारी है। मेजरगंज प्रखंड के दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क भंग हो गया है। बाढ़ का पानी प्रमुख सड़कों और लोगों के घरों में बह रहा है। बैरगनिया में बागमती और लालबकेया नदी उफान पर है। बाढ़ के चलते शनिवार को सीतामढ़ी-बैरगनिया-रक्सौल रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई।