
बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्टीय जनता दल ने अपने नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान कर दिया है। पूर्व सांसद और लालू प्रसाद यादव के करीबी जगदानंद सिंह को रामचंद्र पूर्वे की जगह पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
लालू के करीबी हैं जगदानंद सिंह
बक्सर के पूर्व सांसद और राजपूत बिरादरी से आने वाले जगदानंद सिंह को लालू परिवार का काफी करीबी माना जाता है। उनकी छवि शांत और निर्विवाद नेता वाली रही है। खबरों के अनुसार पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे कि रामचंद्र पूर्वे से तेजस्वी यादव खुश नहीं थे। जिसके बाद उन्हें पद से हटाने का फैसला लिया गया।
सवर्ण वोटों के लिए खेला गेम
अगले साल में बिहार में विधानसभा का चुनाव होना है। ऐसे में माना जा रहा है कि जगदानंद सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंप कर राजद राज्य में राजपूतों और सवर्णों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। यहां पर ये भी बता दें कि लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव लगातार रामचंद्र पूर्वे का विरोध कर रहे थे।