
नाई को पंडित जी की हजामत बनाना महंगा पड़ गया। दरअसल, पंडित जी बाल कटाने सैलून गए थे। जहां हेयर कटिंग के दौरान पंडितजी की चोटी भी कट गई। जिससे नाराज होकर उन्होंने नाई के खिलाफ पुलिस थाने में FIR दर्ज करा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घंटे भर बाद पता चला
दरइसल, पंडित शिवानंद बाल कटाने के लिए भावेश सैलून गए थे । जहां उन्होंने अपने बालों में कलर भी करवाया और घर लौट आए। करीब 1 घंटे बाद जब वे नहाने के लिए गए तो उन्हें अपनी चोटी कटने का पता चला।
नाई को माफ नहीं किया
देहरादून के नवादा इलाके में रहने वाले पंडित शिवानंद कोटनाला को जैसे ही अपनी चोटी कटने का पता चला। वे वापस भावेश सैलून पर पहुंचे। जहां सैलून संचालक और पंडितजी के बीच कहासुनी हुई। संचालक ने शिवानंद से माफी मांगी, लेकिन उन्होंने उसे माफ करने से मना कर दिया।
नाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पंडित और नाई के बीच काफी देर तक बहस होती रही। इसके बाद पंडित शिवानंद देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना पहुंचे और सैलून संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कई धाराएं लगाईं
पंडित शिवानंद कोटनाला ने सैलून संचालक भावेश के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज कराया है। इसके साथ जान से मारने की धमकी देने, मारपीट करने और गाली देने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
प्राथमिकी में क्या लिखवाया
नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक पंडित शिवानंद कोटनाला बाल कटाकर घर पहुंचे। उन्होंने 1 घंटे तक सिर पर लगे कलर को सुखाया। इसके बाद नहाते समय जब उन्होंने सिर पर हाथ फेरा तो उन्हें चोटी गायब मिली। इसके बाद वे सीधे सैलून पहुंचे और बाद में शिकायत लेकर थाने पहुंच गए।