
बिहार विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन आज विपक्ष ने जमकर हंगामा किया । विपक्ष के हंगामे के बीच सीएम नीतीश कुमार चिरपरिचित अंदाज में शांत बैठे रहे । लेकिन जब विपक्ष की टोका टोकी ज्यादा हो गई तो चाचा नीतीश कुमार ने भतीजे तेजस्वी यादव को राजनीति का ककहरा सिखाया । नीतीश कुमार ने तेजस्वी से कहा-सुनो बाबू, राजनीति में लंबा कैरियर है आपका। इतना ही नहीं नीतीश कुमार ने आरजेडी के सीनियर लीडर अब्दुल बारी सिद्दीकी से कहा कि इन्हें सिखाते नहीं, इन्हें जरा सिखाइये, सदन की मर्यादा। दरअसल, रामनवमी जुलूस के दौरान हुए हंगामें को लेकर विपक्ष गिरफ्तारी की मांग कर रहा था जिसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कौन कहता है? रामनवमी में दंगा हुआ, कहीं कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिस तरह दंगा-दंगा की रट लगाए हुए है उससे तो लगता है कि यही लोग दंगा भड़काना चाहते हैं। इसी बीच,बिहार विधानसभा में गृह विभाग का बजट पास हो गया। वोटिंग के आधार पर सदन में बजट पास हुआ , जिसमें सरकार के पक्ष में 92 और विपक्ष में कुल 64 वोट पड़े।