
जेल में बंद बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह (MLA Anant Kumar Singh) की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं. एके-47 केस (AK-47 Case) में पटना की बेउर जेल में बंद मोकामा से विधायक (Mokama MLA) अनंत सिंह को अदालत से झटका लगा है.
अनंत सिंह की जमानत याचिका खारिज
कोर्ट ने अनंत सिंह को एके-47 की बरामदगी के मामले में जमानत (Bail) नहीं दी है. अनंत सिंह की तरफ से पटना से सटे बाढ़ कोर्ट में जमानत की याचिका दाखिल की गई थी जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है.
अनंत सिंह के वकीलों की दलील
बाढ़ कोर्ट के एसीजीएम फर्स्ट ने अनंत सिंह की जमानत याचिका खारिज की है. इससे पहले कोर्ट में विधायक अनंत सिंह की तरफ से उनके वकीलों रजनीश कुमार और मधुसुदन सिंह ने जिरह (बहस) किया. उन्होंने उनका पक्ष रखते हुए कहा कि पुलिस ने जहां से एके-47 हथियार बरामद किया है वो विधायक का पुश्तैनी मकान है. और इस मकान में हथियार रखवाना विरोधियों की साजिश हो सकती है.
अनंत सिंह ने दिल्ली में किया था सरेंडर
कोर्ट ने अनंत सिंह के वकील की इन दलीलों को सुनने के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी है. कोर्ट के इस फैसले के बाद अब अनंत सिंह के वकील सेशन कोर्ट जा सकते हैं. बता दें कि इस केस में फरार चल रहे मोकामा विधायक ने पिछले महीने दिल्ली की साकेत कोर्ट में सरेंडर किया था जिसके बाद बिहार पुलिस की टीम उनको लेकर पटना आई थी.
अनंत सिंह पत्नी का लिपि सिंह पर आरोप
अनंत सिंह की पत्नी ने इस मामले में खुद को पूरी तरह से निर्दोष बताया है. उनके मुताबिक ये विरोधियों की साजिश है जिसके तहत सत्ता में शामिल कुछ लोगों ने उनको फंसाया है. हाल ही में इस केस में न्याय की गुहार को लेकर अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह ने बिहार के राज्यपाल से भी मुलाकात की थी और अपने पति की जान को खतरा बताया था. खुद अनंत सिंह ने इसे जेडीयू सांसद ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री नीरज सिंह और बाढ़ की पुलिस अधिकारी लिपी सिंह की साजिश बताया था.