
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) 64वीं संयुक्त प्रतियोगिता के मुख्य परीक्षा के रिजल्ट को लेकर अब इंतजार खत्म होने वाला है. क्योंकि इसका रिजल्ट जल्द ही जारी होने वाला है.
कब आएगा रिजल्ट
बीपीएससी के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मूल्यांकन कार्य संपन्न हो चुका है। रिजल्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है और 15 जुलाई तक जारी कर दिया जाएगा. रिजल्ट की जानकारी अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट (http://www.bpsc.bih.nic.in) सहित अन्य माध्यमों से उपलब्ध कराई जाएगी। आयोग इस परीक्षा के माध्यम से 1400 से अधिक पदों (Posts) पर बहाली करेगा। इसके लिए आयोग ने आवेदन साल 2018 में ही लिए थे।
मौजूदा चेयरमैन का होगा आखिरी रिजल्ट
बीपीएससी के अध्यक्ष शिशिर सिन्हा (Shishir Sinha) का कार्यकाल 19 जुलाई को पूरा हो रहा है। आयोग के अधिकारियों का कहना है कि उनके कार्यकाल में ही रिजल्ट जारी किया जाएगा। 64वीं मुख्य परीक्षा (64th. Main Examination) का रिजल्ट उनके कार्यकाल का आखिरी रिजल्ट होगा।
सहायक अभियंता का रिजल्ट तैयार
इसके अलावा सहायक अभियंता, सिविल (विज्ञापन संख्या-01/2017) का रिजल्ट भी तैयार है, लेकिन मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के कारण जारी नहीं हो रहा है। सूत्रों की मानें तो जल्द सुनवाई के लिए आयोग कोर्ट में अपील करने जा रहा है। सहायक अभियंता, असैनिक के 1280 पदों के लिए मुख्य परीक्षा पिछले साल मार्च में आयोजित की गई थी।