
शराब के तस्कर रोज नये-नये तरीके आजमा रहे हैं। नालंदा थाना के कूल गांव के पास एक ऐसा ही मामला सामने आया। बोलेरो गाड़ी में गुप्त बॉक्स बनाकर शराब की तस्करी की जा रही थी। तस्कर की किस्मत खराब जो शराब के तीन बोतल फूट गये और उसकी महक से भांडा फूट गया। पुलिस ने गाड़ी से 107 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। चालक भी पकड़ा गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पांच हजार रुपये डेली पर गाड़ी चलाता है। हालांकि एक तस्कर फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार चालक बिहारशरीफ के महलपर मोहल्ला का रहने वाला है। उसके साथ पवन नाम का एक और आदमी रहता है। उसी के कहने पर वह गाड़ी से शराब की डिलीवरी करता था। तहखाना होने के कारण जांच में पुलिस को कुछ नहीं मिलता था। वह झारखंड के बगोदर से शराब लाकर बिहारशरीफ और आसपास के गांवों में सप्लाई करता था।