
बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के लिए जेडीयू कार्यकर्ताओं को गुरु मंत्र दिया जा रहा है. तीर्थनगरी राजगीर में जेडीयू का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर चल रहा है . जिसमें जेडीयू कार्यकर्ताओं को बताया जा रहा है कि कैसे विधानसभा चुनाव में पार्टी को अपने दम सत्ता में वापस लाया जाए
नीतीश के नेतृत्व में मिलेगी प्रचंड बहुमत
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह ने कहा है कि 2020 में फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी। जिस तरह हमलोगों के नेता के नेतृत्व में बिहार ने शून्य से शिखर की यात्रा तय की है, उसी तरह सभी कार्यकर्ताओं को भी शिखर तक जाने के लिए स्वयं को संकल्पित करना होगा। कहा कि न केवल नेता बल्कि हमारे कार्यकर्ता भी सर्वश्रेष्ठ हैं। दल के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में नेता हैं और यह दायित्व उन्हीं के कंधों पर है कि 2020 में हमारी बड़ी जीत होगी।
आरसीपी और हरिवंश ने किया उद्घाटन
प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन आरसीपी सिंह और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने संयुक्त रूप से किया। आरसीपी सिंह ने कहा कि जदयू का संगठन आज बूथ स्तर पर स्थापित हो चुका है। बिहार के 72 हजार से अधिक बूथों पर हमारे बूथ अध्यक्ष और सचिव तैनात हैं। बूथ कमिटियां बन चुकी हैं। सभी विधानसभाओं में सांगठनिक सम्मेलन हो चुका है। अब हम अपने सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने की तैयारी कर रहे हैं।
नीतीश कुमार स्टेट्समैन, बिहार का किया कायाकल्प
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि नीतीश कुमार स्टेट्समैन हैं। उन्होंने अपने 14 वर्षों के शासनकाल में बिहार का कायाकल्प किया है। उन्होंने किन विचारों पर चलकर ऐसा किया है यह सभी कार्यकर्ताओं को जानना चाहिए। कहा कि पहले बिहार से बाहर बिहारी शब्द का इस्तेमाल गाली की तरह होता था। हम बीमारू राज्य कहलाते थे। लेकिन नीतीश कुमार के करिश्माई नेतृत्व में बिहार आज कई विकसित राज्यों से आगे है। बिजली, पानी, आधी आबादी, किसान, छात्र, युवा और समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का उत्थान हो या शराबबंदी और जल-जीवन-हरियाली जैसे अभियान, बिहार आज ट्रेंड सेटर बन चुका है। मुख्यमंत्री अब बिहार को विहार बनाना चाहते हैं, जहां ऊंच-नीच, जाति-वर्ग, धर्म-संप्रदाय का भेदभाव नहीं हो। किसी के चेहरे पर उदासी नहीं हो।